दुर्ग, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। पुलिस ने होली पर्व से पहले अवैध शराब के कारोबार पर जोरदार शिकंजा कसते हुए विशेष अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में 33 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 710 पाव अवैध देशी शराब जब्त की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो दुपहिया वाहन भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।
होली के मद्देनजऱ अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलेभर में सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की। आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत 20 प्रकरण दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अंडा, धमधा, कुम्हारी, पुलगांव, मोहन नगर, भिलाई नगर, जामुल, नेवई, जामगांव, नंदिनी नगर, उतई, रानीतराई और पाटन थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।
इसी तरह आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत 13 और प्रकरण कायम किए गए। इन मामलों में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया गया। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 710 पाव देशी शराब बरामद की गई, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में विधिवत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस विशेष ऑपरेशन में थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग टीम, बीट स्टाफ और विशेष दस्तों की सक्रिय भूमिका रही।
