बलौदाबाजार-भाटापारा, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के पलारी क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां मदद का झांसा देकर एक महिला से दुष्कर्म किए जाने का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना पलारी में 25 फरवरी 2026 को पीडि़ता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला के अनुसार 24 फरवरी की रात पति से विवाद के बाद वह नाराज़ होकर घर से निकल गई थी। ग्राम पारसाभदेर जाने के लिए उसने सहायता मांगी, जिस पर ग्राम लकडिय़ा निवासी रविन्द्र भारद्वाज ने उसे छोडऩे का भरोसा दिलाया। आरोप है कि रास्ते में सुनसान स्थान का फायदा उठाते हुए आरोपी ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 83/2026 दर्ज कर धारा 64(2) एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। पीडि़ता और आरोपी दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रविन्द्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 25 फरवरी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सामाजिक जागरूकता और कड़ी कानूनी कार्रवाई कितनी जरूरी है।
