दुर्ग भिलाई अपडेट
रायपुर, 26 फरवरी।
South East Central Railway रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत Raipur Junction railway station में यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुगम रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों की मानवीय तरीके से धरपकड़ का विशेष अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में रेलवे प्रशासन ने स्थानीय नगर निगम के सहयोग से 25 एवं 26 फरवरी को यह अभियान संचालित किया। इस दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफार्म एवं परिसर से लगभग 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा गया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन परिसर में आवारा कुत्तों की उपस्थिति से यात्रियों—विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों—को असुविधा होती है। कई बार कुत्तों के झुंड के कारण प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक आवाजाही बढ़ने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इन संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
अभियान के तहत पकड़े गए कुत्तों के साथ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं प्रचलित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्णत: मानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य स्टेशन परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ एवं यात्रियों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। वर्तमान में स्टेशन री-डेवलपमेंट कार्य निर्माणाधीन होने के कारण कई स्थानों से आवारा कुत्तों का प्रवेश हो जाता है, जिन्हें रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
यात्रियों से अपील:
प्लेटफॉर्म पर बचे हुए भोजन या खाने-पीने की सामग्री न डालें। कचरे को केवल डस्टबिन में ही डालें, ताकि स्वच्छता बनी रहे और आवारा पशुओं की समस्या कम हो।
