भाटापारा, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में चलने-फिरने में पूर्णतः असमर्थ 89 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 26 फरवरी 2026 को लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उसकी 89 वर्षीय असहाय बुजुर्ग माता के साथ रात में घर में घुसकर आरोपी द्वारा दुष्कर्म किया गया। प्रार्थी ने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी आरोपी द्वारा रात के समय आकर उसकी माता के साथ गलत कृत्य किया गया था।
मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 106/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 64(2)(ड) एवं 332 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी दीपक टंडन उर्फ चुटू (33 वर्ष) निवासी ग्राम मोपका, थाना भाटापारा ग्रामीण को 26 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
