रायपुर, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पंडरी पुलिस ने धारदार चाकू के साथ घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन क्षेत्र में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नॉर्थ जोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पंडरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग टीमों का गठन किया।
दिनांक 26 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि माल धक्का रोड कांपा बस्ती रायपुर तथा अरोरा धर्मकांटा कांपा रायपुर के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए हैं और उनके पास संदिग्ध वस्तुएं हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी की कमर से लोहे का बटनदार धारदार चाकू तथा दूसरे आरोपी की पैंट की जेब से एक अन्य लोहे का चाकू बरामद किया गया। दोनों हथियारों को जब्त कर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान नीलकंठ साहू एवं राजेश साहू निवासी सुंदरी पारा मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर के रूप में बताई। वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
