बिलासपुर, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने State Bank of India की बिल्हा शाखा में दो करोड़ से अधिक के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कैशियर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक शाखा बिल्हा के प्रबंधक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच कैशियर एवं अन्य कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक रिकॉर्ड एवं खातों में छेड़छाड़ कर कुल ₹2,06,37,600 का गबन किया। इस अनियमितता से बैंक को भारी आर्थिक क्षति हुई।
शिकायत के आधार पर एसीबी मुख्यालय, Raipur में 19 जनवरी 2026 को अपराध क्रमांक 03/2026 दर्ज कर तत्कालीन कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा सहित अन्य के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत जांच प्रारंभ की गई।
बैंक की विभागीय जांच में भी आर्थिक गड़बड़ी और गबन की पुष्टि हुई। एसीबी बिलासपुर की विवेचना के दौरान संकलित साक्ष्यों से आरोप पुष्ट पाए जाने पर टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैशियर बिल्हा स्थित बैंक शाखा में गोपनीय रूप से आने वाली है। सूचना के आधार पर 26 फरवरी 2026 को एसीबी टीम ने घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में विस्तृत विवेचना जारी है।
