बिलासपुर, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
थाना सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थार वाहन में शराब के नशे में तेज रफ्तार से वाहन चलाते और हाथ में चाकू लहराते तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक थार कार और तीन धारदार चाकू जप्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कार क्रमांक CG 10 BW 6664 में सवार तीन युवक शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना कर भाग रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने आसमा सिटी फेस-2, मेन्ड्रा रोड के पास आरोपियों को घेरा। इस दौरान युवक पुलिस को देखकर कार छोड़कर भागने लगे और हाथों में धारदार चाकू लहराने लगे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
ईशांत सिंह मण्डलोई उर्फ निशांत उर्फ प्रिंस (24 वर्ष), निवासी रामा लाइफ, सकरी
शैलेन्द्र उर्फ मोनू सिंह (33 वर्ष), निवासी कालीका नगर, तिफरा थाना सिरगिट्टी
राहुल तिवारी (26 वर्ष), निवासी उस्लापुर, थाना सकरी
जब्त सामग्री
थार कार (CG 10 BW 6664)
03 नग धारदार चाकू
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट एवं शराब के नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
