धमतरी, 26 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने रत्नाबांधा शराब भट्ठी रोड पर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक जिला बदर आरोपी को तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार किया है।
पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को शिवाजी चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि तालाबपार स्थित रत्नाबांधा शराब भट्ठी रोड में एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति स्टील का धारदार चाकू लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहा था। पुलिस को देखते ही वह छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुमेन्द्र लहरे उर्फ छोटु (25 वर्ष), पिता जगदीश लहरे, निवासी चापड़ा गली हटकेशर, थाना सिटी कोतवाली धमतरी बताया। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व से जिला बदर आदेश के अधीन है तथा धमतरी जिले में प्रवेश के संबंध में कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू जब्त किया। उसके विरुद्ध धारा 223 बीएनएस, 25 एवं 27 आम्र्स एक्ट तथा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 एवं 15 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
