*-अर्जुन झा-*
*दल्लीराजहरा।* नगर में शराब की अवैध बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। राजहरा नगर के विभिन्न वार्डों में अनेक कोचिए शराब की अवैध बिक्री कर रहे हैं। इन लोगों पर आबकारी विभाग और न ही स्थानीय पुलिस का कोई दबाव है। इसलिए कुछ लोग निरंकुश होकर जगह-जगह शराब बेच रहे हैं।
जानकारी मिली है कि बड़े कोचियों को शासकीय शराब दुकान से ही शराब भारी मात्रा में दी जा रही है। दल्ली राजहरा के साथ-साथ कुसुमकसा के शासकीय भट्टी से भी लोग शराब लाकर दल्ली राजहरा के विभिन्न वार्डों में बेच रहे हैं। जानकारी मिली है कि वार्ड नंबर 25 और 22 में शराब की बिक्री भारी पैमाने पर कोचियों के माध्यम से हो रही है। इस बात की जानकारी पुलिस को होने के बावजूद इन पर कोई कार्रवाई नहीं होने से अनेक सवाल खड़े हो रहे हैं। पता चला है कि कई कोचियों को सत्ता पक्ष से जुड़े कुछ लोगों का वरदहस्त प्राप्त है। इस वजह से ही पुलिस एवं आबकारी विभाग इन पर हाथ डालने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। इसके पहले भी कई बार बताया जा चुका है कि नगर के लगभग सभी वार्डों में शराब की अवैध बिक्री भारी पैमाने पर हो रही है जिसकी रोकथाम के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा जिला पुलिस का भी कोई हस्तक्षेप नहीं हो रहा है। आम जनता यह पूछ रही है कि राजहरा नगर शराब बेचने का क्या कोई बड़ा सेंटर बन गया है?भरोसेमंद सूत्र बताते हैं कि कतिपय कोचिए जो शराब लाते हैं उसके पीछे 3 रुपए का कमीशन प्रति पौवा कुछ प्रभावशील लोगों को दिया जा रहा है। जिसकी चर्चा नगर में हर जगह हो रही है।अवैध शराब के पीछे इस प्रकार की कमाई करने के नाम पर लोग अपनी पार्टी को बदनाम करने पर तुल गए। इन पर कुछ अंकुश नहीं लग पा रहा है। इधर राजहरा व्यापारी संघ ने भी कई बार प्रशासन का ध्यान बिक रही अवैध शराब की बिक्री पर आकर्षित कराया था तथा आग्रह किया था कि इस प्रकार की बिक्री पर रोक लगाई जाए, लेकिन इस पर भी कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है। अभी नगर में वार्ड नंबर 25 सब्जी मंडी एरिया एवं वार्ड नंबर 22 जेडई ऑफिस के समीप रहने वाले कोचिए भारी पैमाने पर शराब की बिक्री कर रहे हैं।
