राजनांदगांव,25 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले की पुलिस चौकी सुरगी क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में अपराध की रोकथाम एवं कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25.02.2026 को ग्राम सुरगी की एक महिला द्वारा पुलिस चौकी सुरगी में फोन के माध्यम से सूचना दी गई कि उसका पति जगत राम साहू नशा सेवन कर घर में आए दिन वाद-विवाद एवं झगड़ा करता है तथा आज भी नशे की हालत में परिवारजनों से विवाद कर रहा है। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शिकायत का सत्यापन एवं पूछताछ की गई, जिसमें पाया गया कि संबंधित व्यक्ति नशा करने का आदी है तथा नशे की अवस्था में परिवार के सदस्यों से विवाद कर शांति भंग कर रहा था। उक्त कृत्य से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा संज्ञेय अपराध घटित होने की प्रबल संभावना निर्मित हो रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जगत राम साहू पिता स्व. भुवन राम साहू उम्र 53 वर्ष निवासी सुरगी थाना बसंतपुर जिला राजनांदगांव (छ.ग.) के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया तथा धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
