जांजगीर-चांपा, 25 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ग्राम कोसा का निवासी है और उसके खिलाफ पूर्व में 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा 11 नवंबर 2025 को आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा सहित सक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर और बलौदा बाजार जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी बिना अनुमति अपने गांव में छिपकर रह रहा था और ग्रामीणों को डराने-धमकाने की शिकायतें मिल रही थीं।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर मुलमुला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उसके ठिकाने के आसपास से गिरफ्तार किया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पहले उसे कार्यपालिक दंडाधिकारी पामगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1950 की धारा 14 के अंतर्गत थाना मुलमुला में 23 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज किया गया है।
मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल एवं एएसआई प्रमोद महार की अहम भूमिका रही।
