कोरबा, 25 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
National Highway 130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कटघोरा से अंबिकापुर मार्ग पर कोनकोना पंडो रिसोर्ट के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक युवक मलदा निवासी और दूसरा दामाऊकुंडा निवासी बताया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-130 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अपडेट के लिए जुड़े रहें – दुर्ग भिलाई अपडेट
