*-अर्जुन झा-*
*जगदलपुर।* छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026 का संकल्प थीम आधारित बजट बस्तर सहित पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक, संतुलित एवं दूरदर्शी है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने इस जनोन्मुखी बजट के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि यह बजट केवल आय–व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उन्नति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता का सशक्त संकल्प-पत्र है। बस्तर के युवाओं, किसानों, आदिवासी समाज और दूरस्थ अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने की स्पष्ट सोच इस बजट में दिखाई देती है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, डिजिटल कनेक्टिविटी, खेल, पर्यटन और आजीविका-हर क्षेत्र में संतुलित निवेश से बस्तर के विकास को नई दिशा मिलेगी। श्री कश्यप ने कहा कि खेल एवं युवा सशक्तिकरण के अंतर्गत बस्तर ओलंपिक के लिए 5 करोड़ का प्रावधान युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होगा।
वहीं अबूझमाड़ एवं जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी हेतु 100 करोड़ का निवेश बस्तर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मजबूत आधार का निर्माण करेगा।
*कनेक्टिविटी और परिवहन सेवा*
मंत्री श्री कश्यप ने कहा है कि बस्तरनेट परियोजना के लिए 5 करोड़ का प्रावधान दूरस्थ गांवों तक विश्वसनीय इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराएगा। साथ ही मुख्यमंत्री बस सेवा योजना के लिए 10 करोड़ के प्रावधान से बस्तर अंचल में आवागमन सुगम होगा और आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
*पर्यटन-रोजगार को प्रोत्साहन*
वन मंत्री केदार कश्यप ने होम-स्टे नीति के लिए 10 करोड़ का प्रावधान पर कहा कि यह बस्तर–सरगुजा क्षेत्र में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।एग्रो एवं फॉरेस्ट प्रोसेसिंग निवेश अनुदान 100 करोड़) तथा बकरी, सूकर एवं मधुमक्खी पालन 15 करोड़ जैसे प्रावधान ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आत्मनिर्भर आजीविका को सुदृढ़ करेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
श्री कश्यप ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में दंतेवाड़ा सहित मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ तथा जगदलपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से बस्तरवासियों को उन्नत और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों की प्रमुख सड़कों एवं पुलों के लिए किए गए प्रावधानों से आवागमन, व्यापार और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा विकास की रफ्तार तेज होगी।
*कृषि को बड़ा संबल*
जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इंद्रावती नदी पर मातनार एवं देउरगांव बैराज व 68 किमी नहर के लिए 2,024 करोड़, महादेवघाट बैराज के लिए 100 करोड़ और
मद्देमारका डायवर्जन योजना के लिए 110 करोड़ के प्रावधान से ये योजनाएं बस्तर की कृषि को स्थायी और समृद्ध बनाएंगी।
*बीडीए को सशक्त समर्थन*
मंत्री कश्यप ने कहा कि बस्तर विकास प्राधिकरण हेतु 75 करोड़ का प्रावधान क्षेत्रीय योजनाओं के प्रभावी और त्वरित क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह बजट वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए अतिरिक्त संसाधनों के सृजन का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह न केवल विकास की गति को तेज करेगा, बल्कि किसान, श्रमिक, युवा, उद्यमी और वनवासी-हर वर्ग के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा और बस्तर को आत्मनिर्भर, सुरक्षित व समृद्ध बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
