कोरबा, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग ने जिला कोरबा की सभी 20 स्वीकृत रेत खदानों में आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कर दिया है। अब प्रत्येक रेत खदान के मुख्य मार्ग और खदान क्षेत्र के समीप उत्खनन-पट्टा संबंधी विवरण की सूचना पट्टिकाएं स्थापित कर दी गई हैं, जिससे आम नागरिकों को खदान की स्वीकृति, संचालन अवधि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
खदान क्षेत्र की प्रारंभिक और अंतिम सीमा बिंदुओं पर स्पष्ट बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि खदान की परिसीमा चिन्हित रहे और अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। साथ ही दिशा-सूचक पट्टिकाएं भी लगाई गई हैं, जिससे निरीक्षण और आवागमन सुगम हो सके।
उप संचालक खनिज विभाग प्रमोद कुमार नायक ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। आम नागरिक रेत खदानों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना निम्नलिखित मोबाइल नंबरों पर दे सकते हैं –
प्रेम राजपूत – 8770924807
संजू लहरे – 8839538188
छतसिंह खैरवार – 9753266726
श्रावकुमार श्रीवास – 7447063227
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुशासन की स्थापना में सहयोग देने की अपील की है।
