राजनांदगांव, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले की चौकी मोहारा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की और शराब परिवहन में उपयोग की जा रही एक स्कूटी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (डोंगरगढ़) केसरी नंदन नायक के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, सट्टा और गांजा के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में चौकी प्रभारी मोहारा उप निरीक्षक सुमेंद्र कुमार खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ढारा निवासी आरोपी ऊधोराम के खेत के पास दबिश दी। मौके पर आरोपी अवैध रूप से शराब का परिवहन करते पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 52 पौवा जम्मू स्पेशल व्हिस्की (कीमत लगभग 6200 रुपये) जब्त की, साथ ही अवैध परिवहन में उपयोग की जा रही स्कूटी (कीमत लगभग 80 हजार रुपये) को भी कब्जे में लिया।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
