कोरबा, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। करतला क्षेत्र के ग्राम बागबुडा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक कच्चे मकान के लगभग 15 फीट ऊंचे छप्पर पर एक विशालकाय अजगर चढ़कर बैठा नजर आया। जैसे ही घरवालों की नजर उस पर पड़ी, वे दंग रह गए कि आखिर इतनी ऊंचाई तक अजगर कैसे पहुंच गया।
परिवार ने पहले अपने स्तर पर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घबराए परिजनों ने तत्काल जिले की रेस्क्यु टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। सारथी ने टीम के साथ जल्द पहुंचने का आश्वासन दिया और तब तक अजगर पर नजर बनाए रखने की सलाह दी।
कुछ घंटों बाद जितेंद्र सारथी अपने टीम मेंबर भूपेंद्र जगत के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से वे 15 फीट ऊंचे छप्पर पर चढ़े और खपरे हटाकर बेहद सावधानी के साथ करीब 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे थैले में डालकर सुरक्षित प्राकृतिक रहवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यु के बाद राहत की सांस लेते हुए जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह अब तक का सबसे जोखिम भरा ऑपरेशन था। जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन परिवार और बेजुबान जीव दोनों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
उन्होंने अपील की कि ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें, ताकि विशेषज्ञ टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यु कर सके।
