रायपुर, 24 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस द्वारा ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों पर सतत कार्रवाई की जा रही है।
यातायात विभाग के अनुसार, तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इंटरसेप्टर वाहन के जरिए स्पीड मॉनिटरिंग कर मोटरयान अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाएं।
