कोरबा, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता था। बीती रात वह गांव स्थित अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद पत्नी गीता तिर्की (36 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपी पति और बड़ा बेटा बाहर काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
