सक्ती, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले के ग्राम पंचायत रबेली में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। गांव के गौठान परिसर में महिलाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि गांव में शराब दुकान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि इससे सामाजिक वातावरण बिगड़ेगा और परिवारों, खासकर महिलाओं व बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले भी इसी मुद्दे पर रबेली चौक में चक्का जाम किया गया था। उस समय प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके, गौठान के सरकारी भवन में रातों-रात शराब का भंडारण किए जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन उनकी भावनाओं की अनदेखी कर रहा है। गांव में शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया का लगातार विरोध जारी है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया, तो वे उग्र आंदोलन छेड़ेंगे। इसमें चक्का जाम और भूख हड़ताल जैसे कदम भी शामिल किए जा सकते हैं।
दुर्ग भिलाई अपडेट
सबसे तेज खबर
