मोहला, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर की गई 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की अंतरराज्यीय साइबर ठगी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में उत्तराखंड और गुजरात में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में इस गिरोह का नेपाल कनेक्शन भी सामने आया है, जिसकी विस्तृत पड़ताल जारी है।
अंबागढ़ चौकी क्षेत्र निवासी कुनाल अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात लोगों ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। झांसे में लेकर उनके पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1.49 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम पहले पांच अलग-अलग खातों में जमा कराई गई और फिर अन्य खातों में ट्रांसफर कर एटीएम व चेक के जरिए निकाल ली गई। तकनीकी विश्लेषण में आरोपियों की लोकेशन उत्तराखंड के रुद्रपुर (उधमसिंह नगर) और गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट व सूरत में पाई गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गईं। छापेमारी के दौरान बैंगलोर के मनोज कुमारजी, उत्तराखंड के सनातन मंडल और योगेंद्र सिंह (दिनेशपुर), तथा गुजरात के युसुफ संधवानी, राहुल गुप्ता और गौतम भाई बागड़ा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सात मोबाइल फोन और दस सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में नेपाल के काठमांडू से जुड़े संपर्कों के संकेत मिले हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह की कार्यप्रणाली, पैसों के लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी हुई है।
दुर्ग भिलाई अपडेट
*सबसे तेज
