बालोद, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आरक्षक की पहचान ठनेश टेमार्य के रूप में हुई है, जो बालोद थाना में पदस्थ थे और ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हो गए।
समंस-वारंट तामील करने जा रहे थे आरक्षक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक ठनेश टेमार्य समंस-वारंट तामील करने के लिए मोटरसाइकिल से ग्राम देवारभाट, जमरूवा और जगतरा की ओर रवाना हुए थे। दोपहर करीब 1 बजे ग्राम सिवनी मुख्य मार्ग पर गांधी इंटरप्राइजेस के सामने पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, मौके पर मौत
बताया जा रहा है कि कांकेर ट्रेवल्स की बस (क्रमांक CG 09 F 0603) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आरक्षक की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक बस के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना स्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
जांच शुरू, चालक के खिलाफ कार्रवाई
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
