रायपुर, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कुलसचिव एवं वर्तमान उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में मंत्रालय द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
खरीद प्रक्रिया में मिली अनियमितताएं
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय में सामग्री की खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट में खरीद प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं। विशेष रूप से सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की गई खरीद में नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक खामियां पाई गईं।
निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान शैलेंद्र दुबे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
दोष सिद्ध होने पर होगी आगे की कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हलचल का माहौल बना हुआ है और पूरे मामले पर शिक्षा विभाग की नजर बनी हुई हैं।
