बिलासपुर, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कतियापारा इलाके में एक युवक द्वारा खुद को आग लगाने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। युवक ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल की पहचान अभय पांडेय के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। पारिवारिक विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले दो महीनों से उससे अलग रह रही थी।
सूत्रों के मुताबिक युवक शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था और पिछले एक महीने से काम पर भी नहीं जा रहा था। घटना के समय भी उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो मदद लेने में संकोच न करें। अपने परिजनों, मित्रों या किसी विशेषज्ञ से तुरंत संपर्क करें। समय पर संवाद और सहयोग कई गंभीर स्थितियों को टाल सकता है।
