कोरबा, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कोरबा जिले के कोरबा स्थित मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती में एक्टिवा चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई एक्टिवा वाहन समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती निवासी पंचराम यादव शुक्रवार को किसी कार्य से परिवार सहित टीपी नगर गए हुए थे। घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी एक्टिवा घर के बाहर खड़ी की और भोजन करने अंदर चले गए।
कुछ देर बाद बाहर आकर देखा तो उनका वाहन वहां से गायब था। आसपास तलाश और पूछताछ के बाद भी जब वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने इसकी शिकायत मानिकपुर चौकी पुलिस में दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती में ही रहने वाले तीन युवक एक एक्टिवा में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें क्षेत्र से पकड़ लिया।
पूछताछ में तीनों युवकों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
शराब की लत बनी चोरी की वजह
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज यादव, सुरेंद्र दास और वीरेंद्र दास के रूप में हुई है। सुरेंद्र और वीरेंद्र आपस में सगे भाई हैं। तीनों गायत्री नगर पोखरी पारा बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्तों ने शराब पीने की लत को पूरा करने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। वे चोरी किए गए वाहन को बेचने की फिराक में थे और गिरफ्तारी से पहले शराब पार्टी की तैयारी में घूम रहे थे।
पुलिस का बयान
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू की गई। आरोपियों को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही चोरी की गई एक्टिवा वाहन को जब्त कर लिया गया है।
