कोरबा, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 लाख रुपए कीमत की साल प्रजाति की लकड़ी और लगभग 20 लाख रुपए कीमत का ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई कटघोरा वनमंडल के पसान वनपरिक्षेत्र में की गई। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्व क्षेत्र में काटी गई साल लकड़ी का अवैध परिवहन ट्रक के माध्यम से किया जा रहा है। सूचना पर वनमंडलाधिकारी के निर्देश से विशेष टीम गठित की गई। उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी एवं सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी की।
रात्रि लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में संदिग्ध वाहन का पीछा किया गया। रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 लट्ठे (लगभग 6.50 घन मीटर) बरामद किए गए।
वन विभाग ने प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत वन अपराध दर्ज किया है। जब्त वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है तथा अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी हैं।
