गरियाबंद, 23 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामगांव हाई स्कूल के सामने एक पेड़ पर युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पिथौरा के गोपापुर निवासी दुलीचंद दीवान के रूप में की गई है। सुबह स्थानीय लोगों ने जब स्कूल परिसर के सामने पेड़ पर युवक को फंदे से लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया।
प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।
