एमसीबी/चिरमिरी, 22 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
चिरमिरी में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने दबिश देकर 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध महिला की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में संचालित ‘नशा मुक्त अभियान’ के अंतर्गत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगेगा, अपराधों में कमी आएगी और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकेगा।
चिरमिरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
