डोंगरगढ़, 22 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अछोली नाला में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शव की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची डोंगरगढ़ पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र कर आसपास के क्षेत्र की गहन पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच और भी चुनौतीपूर्ण हो गई है। आसपास के गांवों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया या घटना स्थल यही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
