बिलासपुर, 22 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसीबी डीएसपी अजितेश सिंह के अनुसार, ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम विद्याडीह में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान को शैल स्व सहायता समूह को आबंटित करने के लिए आवेदन किया गया था।
आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर दुकान आबंटन आदेश जारी करवाने के एवज में 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप योजना तैयार की।
महावीर सिटी स्थित आवास से गिरफ्तारी
योजना के तहत प्रार्थी द्वारा 90 हजार रुपए की व्यवस्था कर आरोपी के महावीर सिटी स्थित आवास पर पहुंचाया गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत की पूरी राशि आरोपी से बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आवास पर सर्च ऑपरेशन भी जारी है।
लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई
गौरतलब है कि इस वर्ष एसीबी की यह चौथी ट्रैप कार्रवाई है। हाल ही में तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगे जाने की स्थिति में तुरंत सूचना दें।
(दुर्ग भिलाई अपडेट – आपके आसपास की सच्ची खबरें)
