रायपुर, 22 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर के पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भांठागांव स्थित अवधपुरी में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र ने दो मंजिला इमारत से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुरानीबस्ती थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान रायगढ़ निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। छात्र के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद से इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।
अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है
परीक्षा या करियर का दबाव कई बार बेहद भारी महसूस हो सकता है। ऐसे समय में किसी भरोसेमंद व्यक्ति, परिवार के सदस्य या शिक्षक से खुलकर बात करना मददगार हो सकता है। जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करना भी महत्वपूर्ण है।
आप अकेले नहीं हैं, मदद उपलब्ध है।
