सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 20 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
आज से जिले में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं विधिवत प्रारंभ हो गईं। परीक्षा के पहले दिन विद्यार्थियों में उत्साह के साथ हल्की घबराहट भी देखने को मिली। इसके बाद कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा भी आयोजित की जाएगी, जो 13 मार्च तक संचालित होगी।
परीक्षाओं के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला स्तर पर कुल 8 उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 4-4 सदस्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ब्लॉक स्तर पर 6 उड़नदस्ता टीमों की भी नियुक्ति की गई है।
ये टीमें विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की अनियमितता पर नजर रखेंगी। परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संचालित होगी।
कलेक्टर ने सभी उड़नदस्ता दलों एवं पर्यवेक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों में शांति, अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिले, ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन हो सके।
