रायपुर, 20 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर के आमापारा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक खुलेआम हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। घटना कारी गार्डन के पास की बताई जा रही है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में थाना आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 18 फरवरी को गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक चाकू लहराकर राहगीरों को आतंकित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को काबू में कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आर्यन साहनी (23 वर्ष) पिता स्वर्गीय विजय साहनी, निवासी ठाकुर देव मंदिर के पास जोरापारा, थाना मौदहापारा रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की हरकत से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया था, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही नियंत्रित हो गई।
आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
