रायपुर, 20 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ जोन के अंतर्गत उरला थाना क्षेत्र में एक बड़ी लापरवाही से भीषण हादसा होते-होते बच गया। 18 फरवरी की शाम करीब 7:40 बजे कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर दो युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने पहुंचे।
पेट्रोल डाले जाने के दौरान पीछे बैठा युवक बाइक से उतरा और सिगरेट जलाने के लिए लाइटर निकाल लिया। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने उसे सख्ती से मना किया, लेकिन युवक ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए जलते लाइटर को मोटरसाइकिल की टंकी के पास ले जाकर आग सुलगा दी।
देखते ही देखते मोटरसाइकिल की टंकी और पेट्रोल मशीन के नोजल में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
घटना की रिपोर्ट पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय (21 वर्ष), निवासी बीरगांव
ईमरान कुरैशी (21 वर्ष), निवासी एएचपी कॉलोनी, उरला
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लाइटर जब्त कर लिया है। दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस की चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंप जैसे अत्यंत संवेदनशील स्थानों पर इस प्रकार की लापरवाही या शरारत को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी।
