रायपुर, 20 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
राजधानी रायपुर के सिंघानिया चौक में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। मामला सिंघानिया चौक का है, जो उरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को गश्त के दौरान टीम ने एक युवक को हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए आम लोगों को आतंकित करते देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रोनित पंडित (21 वर्ष), पिता राजकुमार पंडित, निवासी बजरंग नगर तुलसी चाईस सेंटर बीरगांव, थाना उरला रायपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी की हरकत से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन समय रहते पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 52/26 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
