रायपुर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए शासन ने छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को परीक्षा आयोजन हेतु अधिकृत किया है।
विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं और जरूरी प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। संभावना है कि फरवरी 2026 में भर्ती प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
लिखित परीक्षा के माध्यम से होगा चयन
इन पदों पर चयन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह भर्ती राज्य के विभिन्न शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।
विभिन्न पदों पर मिलेगा मौका
इस भर्ती अभियान में शामिल प्रमुख पद —
सहायक शिक्षक
शिक्षक
व्याख्याता
सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला)
इससे अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
2023 सीधी भर्ती प्रक्रिया पूर्ण
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। पांचवें चरण की भर्ती में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।
शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
इस निर्णय से न केवल हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आगामी दिनों में जारी किए जाएंगे।
