रायपुर,19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर पुलिस ने गांजा केसाथ एक अन्तर्राज्यीय आरोपी कुणाल नाइक को गिरफ्तार किया है तथा उसके पास से 1.587 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
बता दें कि पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से) के दिशा-निर्देश में नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु मादक पदार्थो की तस्करी रोकने के साथ ही अवैध रूप से उनकी खरीदी-बिक्री करने वाले लोगों के संबंध में पतासाजी कर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। जिसके तारतम्य में समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना प्रभारियों द्वारा इस संबंध में सूचना संकलन कर मुखबीर लगाने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी जानकारी एकत्रित किए जा रहे है। इसी तारतम्य में दिनांक 19.02.26 को सूचना मिली कि थाना गुढिय़ारी क्षेत्रान्तर्गत गोंदवारा ओवर ब्रिज के नीचे एक व्यक्ति अपने पास गांजा रखा है तथा बिक्री के फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा द्वारा सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को गांजा के साथ पकडऩे हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी गुढिय़ारी के नेतृत्व में थाना गुढिय़ारी पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कुणाल नाइक निवासी ओढि़सा का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर उसके पास थैला में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी कुणाल नाइक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे 1.587 किलोग्राम गांजा कीमती 79,350 रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना गुढिय़ारी में धारा 20 (बी ) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। प्रकरण में बैकएंड एवं फॉरवर्ड लिंकेज पर कार्यवाही की जा रही है ।
