कोंडागाँव, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कोतवाली थाना क्षेत्र के आलबेडा फॉरेस्ट कॉलोनी इलाके में गुरुवार देर शाम एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। शिक्षक अजय मरकाम के घर पर खड़ी स्कूटी में अचानक स्पार्किंग होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के पार्किंग एरिया और लिविंग रूम को अपनी चपेट में ले लिया।
मरम्मत के बाद घर लाई गई थी स्कूटी
जानकारी के अनुसार स्कूटी खराब थी, जिसे गुरुवार शाम ही मरम्मत करवा कर घर लाया गया था। बताया जा रहा है कि स्कूटी अधिक गर्म थी और संभवतः इसी कारण स्पार्किंग हुई, जिससे आग भड़क उठी। आग की चपेट में स्कूटी के साथ एक बाइक और अन्य घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया।
घटना के वक्त घर के अंदर था परिवार
हादसे के समय शिक्षक दंपति घर के अंदर मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण वे बाहर नहीं निकल पा रहे थे। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रेत और पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिसके बाद परिवार सुरक्षित बाहर निकल सका।
लाखों का नुकसान
अजय मरकाम के अनुसार इस हादसे में करीब 3 से 4 लाख रुपये के सामान जलकर नष्ट हो गए। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझा ली गई।
कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
