बलौदाबाजार, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (आरईएस) के एसडीओ को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी फागु राम सेन, निवासी ग्राम भवानीपुर, जिला बलौदाबाजार ने एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। फागु राम सेन ग्राम पंचायत भवानीपुर के उप सरपंच हैं। ग्राम पंचायत में हाईस्कूल मैदान के समतलीकरण कार्य के लिए शासन से 10 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। कार्य पूर्ण होने के बाद बिल भुगतान जनपद पंचायत पलारी स्थित एसडीओ (आरईएस) कार्यालय में लंबित था।
शिकायत के अनुसार एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा द्वारा मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार की गई थी। प्रार्थी द्वारा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग करने पर आरोपी ने फाइल जिला खनिज संस्थान न्यास, बलौदाबाजार-भाटापारा भेजने के एवज में 80 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। आरोपी 15 हजार रुपये अग्रिम के रूप में पहले ही ले चुका था।
प्रार्थी ने रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की ठानी और एसीबी में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी एसडीओ को प्रार्थी से 25 हजार रुपये की दूसरी किश्त रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
