रायपुर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर के थाना खमतराई क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 36 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला (कुल 6.480 बल्क लीटर) जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 3,600 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि थाना खमतराई क्षेत्र के शीतलापारा तालाब, उरकुरा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुखीराम साहू (उम्र 54 वर्ष) निवासी शीतलापारा तालाब के पास, उरकुरा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे सफेद प्लास्टिक थैले से 36 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना खमतराई में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
