*-अर्जुन झा-*
बस्तर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए बस्तर पुलिस ने गांजा बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि आमागुड़ा स्थित हनी डेली नीड्स के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में कार्यवाहक थाना प्रभारी शिवानंद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
पुलिस टीम ने आमागुड़ा पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को प्लास्टिक बोरी के साथ घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अखिल पौराणिक (39 वर्ष), निवासी रिलायंस पेट्रोल पंप के पास, आमागुड़ा जगदलपुर बताया।
तलाशी लेने पर बोरी से 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और गांजा परिवहन व बिक्री की बात स्वीकार कर ली।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
