कांकेर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
नक्सल प्रभावित जिले कांकेर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। जिले के थाना एवं डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) जवानों को 100 अत्याधुनिक 100 सीसी मोटरसाइकिलें सौंपी गईं।
कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर मोटरसाइकिलों की चाबियां जवानों को प्रदान की गईं। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वाहनों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए ऑपरेशनल किया गया।
यह आयोजन पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में संपन्न हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में, डीएसपी (नक्सल ऑप्स) गिरिजा शंकर साव, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स) डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (डीआरजी) अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में संपूर्ण व्यवस्था कराई गई।
आधुनिक संसाधनों से लैस डीआरजी
नई मोटरसाइकिलें सायरन एवं लाउडस्पीकर जैसे अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित हैं। इन हाई पावर बाइकों के माध्यम से जवानों को दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्रों में त्वरित मूवमेंट की सुविधा मिलेगी।
इससे होंगे ये प्रमुख लाभ:
सर्च ऑपरेशन में तेजी
आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया
थाना और कैंपों के बीच बेहतर समन्वय
गश्त व्यवस्था की मजबूती
शासकीय कार्यों के शीघ्र निष्पादन में सहूलियत
नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। रफ्तार, संसाधन और संकल्प के तीन स्तंभों पर आधारित यह कदम जिले में सुरक्षा और विश्वास का नया अध्याय लिखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, दीपक खटवानी, राजीव लोचन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
