राजनांदगांव, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। थाना लालबाग क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेण्ड्री में घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने भिलाई से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट, सट्टा और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पेण्ड्री निवासी प्रार्थी टुकेश उर्फ बाबू के घर 01 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे आरोपी सुनील मरकाम उर्फ टिर्रू, देवीलाल साहू, कमरान मुगल और बबलू पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर घर में घुसकर डण्डे से मारपीट की और धारदार चाकूनुमा कटारी दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 333 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई। 02 जनवरी को आरोपी सुनील मरकाम और देवीलाल साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी कमरान मुगल का लोकेशन दुर्ग जिले के कुर्सीपार क्षेत्र में मिला। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी कमरान मुगल, पिता इजराईल मुगल (उम्र 27 वर्ष), निवासी अटल आवास पेण्ड्री थाना लालबाग, राजनांदगांव का रहने वाला है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस, मारपीट और जुआ एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार साहू, उपनिरीक्षक अश्वनी यदु और आरक्षक राकेश ध्रुव की सराहनीय भूमिका रही।
