कवर्धा, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना स. लोहारा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्रकार के पर्यवेक्षण में नशे और अवैध कार्यों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सीलहाटी क्षेत्र में मुन्ना कबाड़ी की दुकान के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी प्लेन शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी गौकरण मिर्जा (55 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05 सतनामी पारा, लोहारा, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 22 पौवा देशी प्लेन शराब तथा बिक्री की 200 रुपये की नगदी रकम बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना स. लोहारा में धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में आरक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक अश्वनी पाण्डेय, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक राजू सोनवानी एवं आरक्षक डोमेंद्र ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
