कवर्धा, 19 फरवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट) : जिले में अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कबीरधाम पुलिस की थाना सिंघनपुरी जंगल टीम ने अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल तथा एसडीओपी संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी राजेश चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम 18 फरवरी 2026 को देहात पेट्रोलिंग पर निकली थी।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटर सायकल में प्लास्टिक बोरी में अवैध शराब भरकर पैलीमैटा से सिंघनपुरी की ओर जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए सिंघनपुरी बाजार के पास दो गवाहों की मौजूदगी में अटल चौक तिराहा पर नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध मोटर सायकल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 59 नग शोले देशी प्लेन मदिरा एवं 02 नग गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की कुल 61 पौवा (प्रत्येक 180 एमएल) शराब बरामद की गई।
आरोपी और जब्त सामग्री
गिरफ्तार आरोपियों के नाम ओमप्रकाश जंघेल (23 वर्ष) एवं युवराज नेताम (19 वर्ष 9 माह) दोनों निवासी थाना सिंघनपुरी जंगल जिला कबीरधाम हैं। पूछताछ में दोनों ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से परिवहन करना स्वीकार किया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर दोनों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर 18 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4,960 रुपये कीमत की 61 पौवा शराब एवं करीब 60,000 रुपये कीमत की स्प्लेंडर प्लस मोटर सायकल जब्त की है।
दोनों आरोपियों को 19 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
