रायपुर, 19 फरवरी।(दुर्ग भिलाई अपडेट):राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहशाह मार्केट में गुंडागर्दी करने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर कमिश्नरेट में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देशन में गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 फरवरी 2026 को फतेहशाह मार्केट में बदमाश वसीम खान उर्फ मम्मा, पिता मोह. हाफिज खान, निवासी चांदनी चौक, नेहरू नगर द्वारा दुकानदारों से नशा करने के लिए जबरन पैसे की मांग की गई।
पैसे नहीं देने पर आरोपी ने दुकानदारों के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली, रायपुर में धारा 296, 119(1), 115(2), 351(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पहले से है हिस्ट्रीशीटर
जानकारी के अनुसार आरोपी पूर्व से गुंडा हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें 4 प्रकरण थाना सिटी कोतवाली, 2 प्रकरण थाना टिकरापारा, 1 प्रकरण थाना तेलीबांधा एवं 1 प्रकरण थाना सरस्वती नगर में दर्ज हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर गुंडागर्दी, नशाखोरी एवं आम नागरिकों को भयभीत करने वालों के विरुद्ध सख़्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
