जशपुर, 19 फरवरी।( दुर्ग भिलाई अपडेट): जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामटोली में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पैसों के विवाद में एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 18 फरवरी की दोपहर की है। मृतका बिंदिया लकड़ा, जो आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत थी, अपने घर के पास नए मकान का निर्माण करवा रही थी। इसी दौरान उसके पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) वहां पहुंचे। निर्माण कार्य के लिए ईंट-गिट्टी मंगवाने या पैसे देने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी के पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मृतका की बहन अनुषा लकड़ा ने थाना नारायणपुर में दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें सिर में गंभीर चोट को मृत्यु का कारण बताया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
