रायपुर, 19 फरवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी में पोस्ट ऑफिस में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 52 बेरोजगार युवाओं से लगभग 2 करोड़ 34 लाख रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन की टीम ने कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत दर्ज किया गया है।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश मनहर (मुख्य आरोपी), भुवनेश्वर बंजारे, ईश्वर देवांगन और राकेश रात्रे शामिल हैं। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताकर पोस्टमास्टर और पोस्टमैन पद पर भर्ती कराने का झांसा दिया। युवाओं का भरोसा जीतने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर डाक के माध्यम से भेजे जाते थे, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह असली प्रतीत हो।
जांच में खुलासा हुआ कि पूरा गिरोह सुनियोजित तरीके से कार्य कर रहा था। मुख्य आरोपी नेटवर्क का संचालन करता था, जबकि उसके साथी दस्तावेज तैयार करने, अभ्यर्थियों से संपर्क करने और बैंक खातों के माध्यम से राशि जमा कराने का काम संभालते थे। नियुक्ति पक्की कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में भारी रकम वसूली गई।
छापेमारी में बड़ी बरामदगी
पुलिस की छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 स्मार्टफोन, 1 लैपटॉप, कलर प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन, कंप्यूटर सेटअप, फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली सील-सिक्के और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए। जांच में लगभग 40 लाख रुपये के बैंक लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।
चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 335, 336(2), 340(1), 340(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है।
