रायपुर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जोरापारा मौदहापारा निवासी अजय साहू को 17 फरवरी को आरोपी राहुल यादव (22 वर्ष) ने सिल्लू बाड़ी, आजाद चौक क्षेत्र में बुलाया था। यहां दोनों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि राहुल यादव ने गाली-गलौच करते हुए अजय साहू को जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में घायल अजय साहू को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296, 351(2), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
