बिलासपुर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बिलासपुर के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अरपा नदी चेक डैम के नीचे मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या लूट के इरादे से की गई थी।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2025 को अरपा नदी चेक डैम के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। बाद में मृतक की पहचान राजेंद्र सूर्यवंशी (25 वर्ष), निवासी ग्राम नरगोड़ा के रूप में हुई। पोस्टमार्टम, डायटम रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हत्या की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
थाना सिटी कोतवाली में धारा 103(1), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने विकास उर्फ भोले केवट (20 वर्ष) और शनि उर्फ छोटू गंधर्व (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे पचरी घाट डैम के दूसरे छोर पर नदी किनारे शराब सेवन कर रहे थे। लौटते समय उन्होंने मृतक को अकेले बैठा देखा और उसके पास मोबाइल व नकदी होने की आशंका में लूट की योजना बनाई। विरोध करने पर आरोपियों ने मृतक के साथ मारपीट की, जिससे वह अचेत हो गया।
साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने उसे पुल की रेलिंग से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
