बिलासपुर, 19 फरवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर में हुई बहुचर्चित लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने के जेवर, नकदी और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।
17 फरवरी की रात लगभग 9:15 बजे महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर ज्वेलरी लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक मारुति ईको कार में सवार बदमाशों ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
जैसे ही वे वाहन से नीचे उतरे, आरोपियों ने पिस्टल और हथौड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और कार में रखे सोने के आभूषण, कच्चा सोना, फाइन गोल्ड तथा करीब 3.50 लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाया।
उत्तर प्रदेश में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
जांच में आरोपियों के उत्तर प्रदेश की ओर भागने की सूचना मिली। इसके बाद यूपी पुलिस के सहयोग से मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को अलग से पकड़ा गया।
आरोपियों के पास से लूट का माल और आग्नेय अस्त्र बरामद किए गए हैं।
अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना विजय लांबा एक शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस टीम आगे की कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश पहुंच गई है और आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
24 घंटे में लूटकांड का खुलासा
5 आरोपी गिरफ्तार
सोने के जेवर, नकदी व हथियार बरामद
अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय
यूपी पुलिस के सहयोग से कार्रवाई
